
ई-केवायसी और ऑनलाइन आवेदन कार्य में गति लाने मानव संसाधन और कम्प्यूटर्स बढ़ायें
➡️कलेक्टर अवि प्रसाद ने लाडली बहना योजना की वर्चुअली समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
कटनी, 31 मार्च, 2023
कलेक्टर अवि प्रसाद ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन और ई-केवायसी कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी व्यक्त करते हुये मैदानी अफसरों और कर्मचारियों को इस कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने तदाशय के निर्देश शुक्रवार को गूगल मीट से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की वर्चुअली समीक्षा के दौरान दिए।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने प्रतिदिन जनपद पंचायतवार और नगरीय निकाय वार जमा हो रहे आवेदनों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत भरे गये आवेदन पत्रों, ई-केवायसी की प्रतिदिन समीक्षा करने का सिलसिला जारी रहेगा। श्री प्रसाद ने कहा कि उन क्षेत्रों को चिन्हित करना होगा, जहॉं ई-केवायसी ज्यादा संख्या में लंबित है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने पात्र महिलाओं की ई-केवायसी के साथ आवेदन ऑनलाइन दर्ज करने के लिए जरूरत के अनुसार मानव संसाधन और कम्प्यूटर्स की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
उन्होनें लाड़ली बहना योजना के तहत ई-केवायसी और आवेदन पत्रों को ऑनलाइन दर्ज करने, बैंको से समन्वय स्थापित कर महिलाओं के खातों को आधार से लिंक कराने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने जनपद पंचायत बहोरीबंद और ढ़ीमरखेड़ा में ऑनलाइन आवेदनों की शुक्रवार की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि इसकी निरंतरता बरकरार रखें।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक कुल 34 हजार 245 लाड़ली बहनों का पंजीयन किया जा चुका है। इसमें जनपद पंचायत बड़वारा में 3716, बहोरीबंद में 6773, ढ़ीमरखेड़ा में 5942, कटनी में 3654, रीठी में 4100 और विजयराघवगढ़ में 2234, ऑनलाइन आवेदन अब तक भरे जा चुकें है। वहीं नगर निगम कटनी में अब तक कुल 7291 तथा नगर परिषद बरही में 117, नगर परिषद कैमोर में 277 और नगर परिषद विजयराघवगढ़ में अब तक 141 ऑनलाइन आवेदन पत्र भरे जा चुके है।
जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, निगमायुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे ई गवर्नेंस के जिला अधिकारी सौरभ नामदेव सहित सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअली जुड़े थे।
🖋️ कटनी से ब्यूरो चीफ पारस गुप्ता की रिपोर्ट

