
दतिया। ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी कहीकत जानने हेतु शुरू किए गए अंतिम पांत अभियान के तहत् कलेक्टर संजय कुमार ने बुधवार को सेवढ़ा तहसील के गा्रम रामपुरा खुर्द में ग्रामीणों के बीच जाकर शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी है। इस दौरान जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा, जनपद पंचायत सेवढ़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर संजय कुमार ने जिले के ग्रामीणों की समस्याओं को जानने एवं शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने हेतु जिले में अंतिम पांत अभियान का नवाचार शुरू किया गया है।
चौपाल लगाकर सुनीं समस्यायें
कलेक्टर संजय कुमार ने रामपुरा खुर्द में अधिकारियों के साथ गांव के पंचायत भवन में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा योजनाओं के क्रियान्वयान की जमीनी हकीकत ग्रामीणों से जानी।शमशान घाट हेतु पहुंच मार्ग के दिए निर्देश
कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांग पर शमशान घाट हेतु पहुंच मार्ग बनाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए तथा नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि शमशान घाट के पहुंच मार्ग पर लोगो द्वारा जो अतिक्रमण किया गया है उसे प्राथमिकता के साथ हटाये आवश्यकता पड़ने पर पहुंच मार्ग हेतु जमीन के अधिग्रहण की कार्यवाही भी करें।
जरूरतमंदों को स्थानीय स्तर पर रोजगार दें,कलेक्टर ने ग्रामीणों से जिले में रोजगार की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि रोजगार मूलक योजनाओं के तहत् जरूरत मंद गांव के मजदूरों को रोजगार दें। मजदूरों के स्थान पर मशीनों से कार्य कराने वालों के विरूद्ध जेल भेजने की कार्यवाही की जायेगी।बीपीएल सूची का वाचन किया
उन्होंने ग्रामीणों के बीच गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले (बीपीएल) परिवारों की सूची का वाचन करते हुए गांव की महिला दयावती का नाम जोड़ने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जनवरी 2022 में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत् मिलने वाले खाद्यान की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि जनवरी माह में दो माह के खाद्यान के रूप में चार गुना खाद्यान प्राप्त हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों से कोविड से बचाव हेतु लगवायें गए दोनो वैक्सीन, विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, आंगनबांड़ी केन्द्रों से मिलने वाला पोषण आहार, फसलों की स्थिति, नामांतरण एवं बटवारा, संबल, नल-जल योजना तथा गौशाला की स्थिति पर भी चर्चा की।कलेक्टर संजय कुमार ने अंतिम पांत अभियान के तहत् गांव के अति गरीब परिवार मुल्ला प्रजापति एवं रमदयाल खंगार के घर पहुंचकर योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने मुल्ला प्रजापति के परिवार की समस्याओं को सुनते हुए अधिकारियों को मनरेगा में रोजगार देने, अवास उपलब्ध कराने तथा बेटी की शादी हेतु मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की राशि उपलब्ध कराने के साथ मुल्ला के एक बेटे द्वारा कक्षा 9वीं के बाद पढ़ाई छोड़ने पर पुनः स्कूल में प्रवेश दिलाने के साथ शिक्षा की सभी व्यवस्था करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस मौके पर मुल्ला प्रजापति के परिवार को मिष्ठान भी वितरित किया।
कलेक्टर ने इसी गांव के एक और अति गरीब परिवार राम दयाल खंगार के घर पहुंचकर हालचाल जाना तथा योजनाओं के तहत् मिले लाभ की जानकारी ली। वर्षा के दौरान मकान क्षतिग्रस्त होने पर नायब तहसीलदार को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने के साथ आवास हेतु नाम जोड़ने के भी निर्देश दिए।

