अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इन दिनों भारत-इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज जारी है। मंगलवार को यहां तीसरा मैच होना है, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते अब बाकी के 3 मैच बिना दर्शकों के कराए जाने का फैसला लिया गया है। BCCI ने सोमवार रात को यह फैसला लिया, जिससे राजस्थान, मध्य प्रदेश (MP) और दिल्ली से आए दर्शकों में मायूसी छा गई।
मंगलवार को मैच देखने अहमदाबाद पहुंचे दर्शकों को निराश होना पड़ा। फैन्स के मुताबिक जिस समय BCCI ने फैसला लिया, उस वक्त वे ट्रैवल कर रहे थे, लिहाजा इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली।
कल शाम ट्रेन में बैठे थे कई दर्शक, रात में एंट्री बैन
मध्यप्रदेश के झाबुआ से अहमदाबाद पहुंचे वीरेंद्र बसेर ने बताया कि हम पांच दोस्त ट्रेन से सोमवार शाम को अहमदाबाद के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे तो मालूम हुआ कि स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री पर बैन लगा दिया गया है। हम पूरी रात का सफर कर यहां आए थे और अब हमें बिना मैच देखे ही घर लौटना होगा। इससे हम बहुत निराश हैं। BCCI को यह फैसला कुछ देर पहले ही ले लेना चाहिए था।
”कल शाम 7 बजे रवाना हुए, आज जानकारी मिली”
राजस्थान के भीलवाड़ा से अहमदाबाद पहुंचे आरिफ खान और उनके दोस्तों को भी इसी परेशानी से गुजरना पड़ा। आरिफ ने बताया कि वे सोमवार शाम दोस्तों के साथ भीलवाड़ा की बस से रवाना हुए और आज सुबह ही अहमदाबाद पहुंचे। यहां आकर उन्हें मालूम हुआ कि उन्हें अब बिना मैच देखे ही वापस लौटना होगा।
”सभी मैच के टिकट खरीदे, अब वापस लौटना पड़ रहा”
इसी तरह दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे अश्विनी कुमार ने बताया कि मैंने और मेरे कई साथियों ने सभी टी-20 मैच के टिकट खरीदे थे। हम लोग होटल में रुके हुए हैं और दो मैच देख चुके हैं। सोमवार रात को हमें पता चला कि अब स्टेडियम में किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए अब हमें वापस घर लौटना होगा।
कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते लिया गया फैसला
इंडिया और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेली जा रही 5 टी-20 की सीरीज कोरोना के चलते प्रभावित हुई है। सीरीज के आखिरी 3 मैच अब बिना दर्शकों के ही होंगे। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के वाइस-प्रेसिडेंट धनराज नथवानी ने इस बात की पुष्टि की है। सीरीज से पहले गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने 100% फैंस को एंट्री की बात कही थी।
इस फैसले को पहले मैच से ठीक पहले रद्द कर दिया गया था। साथ ही 50% फैंस को एंट्री की मंजूरी मिली थी। नथवानी ने कहा कि BCCI से सलाह के बाद ही यह फैसला लिया गया। तीनों मैच के लिए टिकट खरीदने वाले दर्शकों को उनके पैसे वापस कर दिए जाएंगे।


