कोरोना के बचाव के लिये की गई विशेष व्यवस्थाओं की हुई सर्वत्र सराहना
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से लेकर उम्रदराज बुजुर्गों तक ने की प्रशंसा
इंदौर जिले के सांवेर में उत्साहपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में हुआ मतदान
इंदौर 3 नवम्बर, 2020
इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा उपचुनाव के लिये आज उत्साहपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में मतदान हुआ। कोरोना से बचाव के लिये मतदान केन्द्रवार की गई विशेष व्यवस्थाओं की सर्वत्र सराहना हुई। हर आयु वर्ग के मतदाताओं जिनमें पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से लेकर उम्रदराज बुजुर्गों तक ने इस व्यवस्था की प्रशंसा की। बुजुर्ग मतदाताओं ने यहां तक कहा कि ऐसे व्यवस्था हमने अपने जीवन में पहली बार देखी। व्यवस्थाओं को देखकर ही हमने अपने मताधिकार का उपयोग भयमुक्त होकर किया है।
ऐसी रही व्यवस्था
सांवेर विधानसभा क्षेत्र में आज सुबह से ही उत्साह का वातावरण था। बड़ी संख्या में मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केन्द्रों की और पहुंच गये। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही भीड़ दिखाई दी। मतदाताओं को कतार में नहीं लगना पड़े इसके लिये उन्हें कूपन दिये गये थे। कूपन लेने के बाद वे प्रतिक्षा स्थान पर बैठे। अपना नंबर आने पर उन्हें मतदान के लिये बुलाया गया। सुरक्षित रूप से मतदान करने बाद वे बाहर निकले। मतदान केन्द्र पर हाथ धोने के लिये साबुन और पानी की व्यवस्था की गई थी, इसका उपयोग कर वे सुरक्षित रूप से घर की ओर रवाना हुये। इसके पहले मतदाताओं के मतदान केन्द्र पर पहुंचते ही थर्मल गन से तापमान लिया गया। सेनेटाईजर से हाथ सेनेटाईज कराये गये। बाद में उन्हें मास्क और हेंड ग्लब्स दिये गये। उपयोग किये गये मास्क और हेंड ग्लब्स के निपटान के लिये डस्टबिन रखें गये थे। इस व्यवस्था के लिये इस बार चार सदस्यी दल प्रत्येक मतदान केन्द्र पर तैनात था। मतदाताओं की सुविधा देने के लिये मतदाता सहायता केन्द्र भी हर एक मतदान केन्द्र पर बनाये गये थे।
ऐसी व्यवस्था देखी पहली बार
कोरोना को देखते हुये बचाव के लिये जिले में व्यापक व्यवस्थाएं की गई थी। इसकी सराहना सभी ने की। इंदौर के नजदीक ग्राम पिपलिया कुम्हार में रहने वाले 75 वर्ष के श्री कैलाश चौधरी ने व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि मैंने अपने जीवन में ऐसा कोई भी चुनाव नहीं छोड़ा है जिसमें मतदान नहीं किया हो। जबसे मेरा नाम मतदाता सूची में आया है जबसे ही हर चुनाव में मतदान किया है। ऐसी व्यवस्था मैंने अपने जीवन में पहली बार देखी है। कोरोना को देखते हुये मतदान के लिये डाक मतपत्र से घर पर ही मतदान की सुविधा दी गई थी। किन्तु मैने इसका लाभ नहीं लिया है। मैं अभी भी शारीरिक रूप से सक्षम हुँ। पोते के साथ मतदान के लिये आया हूँ। उन्होंने प्रशासन का आभार भी माना।
ऐसे ही विचार 80 वर्षीय ग्राम मांगलिया में रहने वाली उषा बाई के भी थे। उनका कहना था कि मैने भी सभी चुनाव में मतदान किया है। छाया, बैठने आदि व्यवस्था पहली बार देखी। मुझे भी डाक मतपत्र से मतदान की सुविधा देने के लिये कहा गया था, पर मैंने मना करते हुये कहा कि मैं तो मतदान केन्द्र पर जाकर ही मतदान करुंगी।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने खुलकर की प्रशंसा
सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरान में पहली बार मतदान करने के लिये युवाओं की टीम एक साथ पहुंची। पहली बार मतदान करने का उत्साह उनमें देखते ही बन रहा था। सभी बेहद खुश थे। व्यवस्थाओं को देखकर उनकी खुशी और दुगनी हो गई। ग्राम गुरान में रहने वाले 19 साल के आशीष शर्मा (पण्डया) ने कहा कि वह बीकॉम कर रहा है साथ ही खेती भी करता हूँ। पहली बार नाम मतदाता सूची में जुड़ा। बेहद खुशी हो रही है कि में लोकतंत्र का प्रहरी बन गया हूँ। अपने अधिकार का उपयोग करते आज मतदान कर रहा हूँ। इसी गांव में रहने वाले 19 वर्ष के लखन चौहान ने बताया कि हम दस लोगों का नाम पहली बार जुड़ा है। हम एक साथ टीम बनाकर मतदान करने आये हैं। हमें बहुत खुशी हो रहीं हैं और सुविधाएं देखकर अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाएं आगे भी मिलती रहें। ऐसे ही कुछ विचार 19 साल करण डोडिया, 20 साल के दीपक केवट तथा इतनी ही उम्र के अर्जुन चौधरी, तेजकरण केवट और आकाश चौहान के भी थे।

