Sunday, May 24, 2026
Rajneeti News India
Image default
मध्यप्रदेश

मध्‍य प्रदेश में अवैध कॉलोनियों को वैध करेंगे, नई बनी तो कलेक्टर और निगमायुक्त जिम्मेदार: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरीय विकास का रोडमैप बताते हुए कहा है कि प्रदेश में अवैध कॉलोनियों को हमारी सरकार वैध करेगी। इसकी वजह यह है कि इनमें गरीबों और आम लोगों का पैसा लग चुका है। उन्हें परेशान नहीं होने देंगे, लेकिन भविष्य में कोई अवैध कॉलोनी भी नहीं बनने देंगे। इसके लिए कलेक्टर और नगर निगम के आयुक्त की जिम्मेदारी तय करेंगे। अब कोई भी अवैध कॉलोनी बनी तो इन्हीं दोनों अधिकारियों को जिम्मेदार मानकर कार्रवाई की जाएगी।

शिवराज शुक्रवार को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मिशन नगरोदय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्य कार्यक्रम भोपाल में हुआ लेकिन इस दौरान 407 नगरीय निकाय ऑनलाइन जुड़े और मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से विभिन्न् जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए 3300 करोड़ स्र्पये हितग्राहियों के खातों में हस्तांतरित किए। उन्होंने कहा हमारे रोडमैप में शहरों को सुंदर बनाना, शहरी जनजीवन की गुणवत्ता को बेहतर करना शामिल है। इसके लिए पांच वर्ष में 70 हजार करोड़ स्र्पये खर्च किए जाएंगे।

शहरों में अच्छी सड़कें, 24 घंटे बिजली, ड्रेनेज-सीवेज सिस्टम को ठीक करना, नल कनेक्शन हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना का दूसरा चरण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संकल्प लिया कि अगले चार वर्ष में प्रदेश की धरती पर कोई गरीब मकान विहीन नहीं रहेगा। सबके पास अपनी पक्की छत होगी। इसके लिए पट्टा वितरण, मकान या बहुमंजिला इमारतों में उनके रहने का इंतजाम राज्य सरकार करेगी। प्रदेश में सिटी बसों के माध्यम से परिवहन व्यवस्था को और सुगम बनाया जाएगा। शहरों में पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

शिवराज ने माफिया को लेकर कड़े शब्दों में चेतावनी दी। कहा कि प्रदेश की धरती पर माफिया की दादागीरी नहीं चलने देंगे। इंदौर में भूमाफिया पर हुई कार्रवाई को उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिन लोगों ने जीवनभर की पूंजी लगाकर प्लाट लिया था, उसे दूसरों को बेच दिया गया। मांगने गए तो गुंडे उन्हें डरा रहे थे। अब हम भूमाफिया को मिट्टी में मिलाने का काम कर रहे हैं। जनता का हक छीनने वालों को जेल भेज रहे हैं। कानून तोड़ने वालों को छोड़ना नहीं है। यहां कानून का राज चलेगा।

मास्क लगाएं, सुरक्षित शारीरिक दूरी रखें

अपने संबोधन की शुस्र्आत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे बोलना है, इसलिए मास्क नीचे कर रहा हूं। मास्क नहीं लगाने वालों को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि मास्क गले में लटकाने या दाढ़ी से नीचे रखने के लिए नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैक्सीन (टीका) का इंतजाम तो कर दिया है, लेकिन अभी भी मास्क लगाना और सुरक्षित शारीरिक दूरी रखना जरूरी है। जिन लोगों को टीका लग गया है, वे भी मास्क लगाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री को विश्वस्तरीय नेता बताते हुए कहा कि मोदी जी पाकिस्तान को भी वैक्सीन मिले, इसकी भी चिंता कर रहे हैं।

Related posts

हरदा जिले में वृक्षारोपण प्रदेश के लिए प्रेरणादायक –

News Team

क्राइम ब्रांच भोपाल,

News Team

लालाराम नगर में प्यारे मियां के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के दौरान मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

News Team