Monday, Sep 21, 2026
Rajneeti News India
Image default
राजनीती

उद्धव के मंत्री का इस्तीफा:टिकटॉक स्टार की खुदकुशी पर विवादों में घिरे वन मंत्री संजय राठौड़ ने पद छोड़ा, कहा- विपक्ष गंदी राजनीति कर रहा

पुणे की टिकटॉक स्टार पूजा चौहान की खुदकुशी के बाद विवादों में घिरे महाराष्ट्र सरकार के वन मंत्री संजय राठौड़ ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। राठौड़ ने इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से उनके घर पर मुलाकात की। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि जिस तरह विपक्ष ने विधानसभा सत्र न चलने देने की धमकी दी है, उसके मद्देनजर मैं इस मामले से दूर हट रहा हूं। मैं चाहता हूं कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो।

राठौड़ ने कहा, ‘बंजारा समाज की एक लड़की की मौत हुई है। विपक्ष गंदी राजनीति कर मेरे 30 साल से ज्यादा के राजनीतिक कैरियर को खराब करने पर तुला हुआ है। इससे बंजारा समाज की भी बदनामी हो रही है।’ विवादों में घिरने के बाद से राठौड़ सार्वजनिक तौर पर दिखाई नहीं दिए थे। हालांकि, 5 दिन पहले (मंगलवार को) वे वाशिम जिले के एक मंदिर में पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोप खारिज कर दिए थे।

विवाद बढ़ने पर उद्धव ने राठौड़ को तलब किया था
पुणे की 22 साल की टिकटॉक स्टार पूजा चौहान की खुदकुशी के मामले में संजय राठौड़ का नाम आया था। इसके बाद से ही उद्धव ठाकरे पर राठौड़ से इस्तीफा लेने का दबाव था। बीजेपी ने राठौड़ के इस्तीफे की मांग को लेकर 28 फरवरी को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया था। विवाद बढ़ता देख सीएम उद्धव ठाकरे ने 24 फरवरी को मंत्री संजय को तलब किया था।

भाजपा ने कहा- इस्तीफे के बाद भी मुद्दा नहीं छोड़ेंगे
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि संजय राठौड़ को सरकार का संरक्षण था। इसीलिए वे एक महीने तक बचे रहे। तमाम एविडेंस होने के बावजूद पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज नहीं किया। पुलिस अभी भी इसे आत्महत्या बता रही है। इसलिए मामले की जांच करने वाले अफसर पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। फडणवीस ने कहा कि राठौड़ ने भले ही इस्तीफा दे दिया हो, लेकिन भाजपा इस मुद्दे को छोड़ने वाली नहीं है।

टिकटॉक स्टार के साथ मंत्री के फोटो वायरल हुए थे
बीड जिले के परली की रहने वाली 22 साल की पूजा चौहान ने 8 फरवरी को पुणे के वानवड़ी इलाके में एक इमारत से कूद कर आत्महत्या कर ली थी। पूजा की मौत के बाद राठौड़ के साथ उसकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हुईं। हालांकि, पूजा के परिवार ने किसी पर संदेह नहीं जताया था। पुलिस भी इसे सुसाइड केस मानकर जांच कर रही है।

Related posts

श्री विष्णु दत्त शर्मा दिवाली के शुभ अवसर पर दीए ख़रीदे

News Team

उप चुनाव ब्रेकिंग

News Team

किसान सम्मेलन में भाग लेने ट्रेक्टर पर सवार होकर दशहरा मैदान पहुँची पूर्व महापौर व विधायक मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ ।

News Team