Sunday, Jun 7, 2026
Rajneeti News India
क्राइम

टीआरपी घोटाला: 31 सेकेंड तक लॉक किया गया था चैनल, चार्जशीट में मुंबई पुलिस का खुलासा

Nov 26, 2020

टीआरपी घोटाले में मुंबई पुलिस ने मंगलवार को अपनी चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी है. अपनी चार्जशीट में मुंबई पुलिस ने कहा कि कुछ केबल ऑपरेटर्स से कहा गया था वो कुछ चैनल्स को 31 सेकेंड तक लॉक करके रखें, जिससे दर्शक इस दौरान किसी और दूसरे चैनल को ना लगा सकें. बता दें कि टीआरपी की गिनती के लिए एक दर्शक का एक चैनल को 30 सेकेंड तक देखना जरूरी होता है, तभी इसके बाद रेटिंग प्वाइंट मिलता है. अंग्रेजी अखबार ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के मुताबिक क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट के अस्सिटेंट पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि उन्होंने केबल ऑपरेटर्स के व्यवहार को लेकर ट्राई को अलर्ट कर दिया था.
इससे पहले मंगलवार को मुंबई पुलिस ने टीआरपी घोटाले में कोर्ट में 1400 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की. 1400 पन्नों की चार्जशीट में लगभग 140 लोगों के नाम गवाह के रूप में लिए गए हैं, जिनमें ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (बार्क) के अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ, फॉरेंसिक ऑडिटर, विज्ञापनदाता, बैरोमीटर का इस्तेमाल करने वाले लोग समेत कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.
अब तक इस मामले में रिपब्लिक टीवी के पश्चिमी क्षेत्र वितरण प्रमुख और दो अन्य चैनलों के मालिकों समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. विज्ञापनदाताओं के बयान भी आरोपपत्र का हिस्सा हैं, जिनमें उन्होंने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. रिपब्लिक टीवी के खातों समेत चैनलों का फॉरेंसिक ऑडिट भी दस्तावेज का हिस्सा है. बाद में दायर किए जानेवाले पूरक आरोपपत्र में 2,000 पन्ने और जोड़े जाएंगे, जिसमें फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों सहित आरोपी लोगों के जब्त फोन, लैपटॉप और कंप्यूटरों से निकाले गए चैट लॉग्स, ई-मेल, संदेश और अन्य डेटा शामिल होगा.
बता दें कि कथित टीआरपी घोटाला पिछले महीने तब सामने आया था जब रेटिंग एजेंसी ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (बार्क) ने ‘हंसा रिसर्च ग्रुप’ के जरिए ये शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ टेलीविजन चैनल टीआरपी के आंकड़ों में हेरफेर कर रहे हैं. ‘व्यूअरशिप डाटा’ (कितने दर्शक कौन सा चैनल देख रहे हैं और कितने समय तक देख रहे हैं) दर्ज करने के लिए बैरोमीटर लगाने की जिम्मेदारी ‘हंसा’ को दी गई थी. टीआरपी काफी महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि इसपर चैनलों का विज्ञापन राजस्व निर्भर करता है.
मुंबई पुलिस के आयुक्त परमबीर सिंह ने पिछले महीने दावा किया था कि रिपब्लिक टीवी और दो मराठी चैनल-बॉक्स सिनेमा और फक्त मराठी टीआरपी के आंकड़ों में छेड़छाड़ कर रहे हैं. हालांकि रिपब्लिक टीवी और अन्य ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया था. रिपब्लिक टीवी पर आरोप है कि उसने केबल ऑपरेटर्स के साथ मिलकर एलसीएन की मदद से अपने दोनों चैनल्स को न्यूज सेगमेंट के अलावा किड्स समेत कई दूसरे सेगमेंट में चलाया. पुलिस ने इस मामले में 6 चैनल्स को आरोपी बनाया है, जिसमें दो न्यूज चैनल्स शामिल हैं

Related posts

धोखाधडी पूर्वक लाखों रूपये के जेवरात हडपने वाले शातिर बदमाश ,पुलिस थाना जूनी इन्दौर की गिरफ्त में।

News Team

बंसल पेठा के पीछे गली में छिपे घर में छिपे बदमाश

News Team

आबकारी अफ़सर के यहाँ बड़ी चोरी की वारदात

News Team