Thursday, Apr 16, 2026
Rajneeti News India
राजनीती

विधानसभा उप निर्वाचन-2020

इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में मतदान आज

दो लाख 70 हजार से अधिक मतदाता करेंगे 13 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

मतदान दल मतदान सामग्री लेकर पहुंचे मतदान केन्द्रों पर

कोरोना को देखते हुये मतदान केन्द्रों पर किये गये व्यापक प्रबंध
इंदौर दो नवम्बर, 2020
इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में आज तीन नवम्बर को सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सांवेर में दो लाख 70 हजार से अधिक मतदाता 13 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुरक्षित, सुव्यवस्थित, भयमुक्त, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के व्यापक प्रबंध किये गये है। मतदान के लिये 380 मतदान केन्द्र बनाये गये है। इन मतदान केन्द्रों पर मतदान दल मतदान सामग्री लेकर पहुंच गये है। कोरोना को देखते हुये सुरक्षा के रूप में मतदान केन्द्रों पर सेनेटाईजेशन, तापमान देखने, मॉस्क और ग्लब्ज वितरण आदि के इंतजाम किये गये है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष सिंह ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भिक होकर स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर मतदान करें। मतदान उनका अधिकार है। सभी मतदाता अपने अधिकारों का उपयोग करें।
आज नेहरू स्टेडियम से मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित की गई। मतदान सामग्री वितरण का काम सुबह 6 बजे से शुरू हुआ। मतदान दलों को कुर्सी टेबल पर बैठाकर मतदान सामग्री का सुव्यवस्थित रूप से वितरण किया गया। साथ ही कोरोना के लिये गठित विशेष दलों को भी मॉस्क, हैंड ग्लब्ज, सेनेटाईजर आदि सामग्री देकर बसों के माध्यम से मतदान केन्द्रों पर भेजा गया। मतदान दल और कोरोना के विशेष दल मतदान केन्द्रों पर पहुंच चुके है। सामान्य प्रेक्षक श्री रूपवंत सिंह तथा कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने सामग्री वितरण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बताया गया कि मतदान केन्द्रों पर मतदान के लिये 380 दल तैनात किये गये है। इन दलों में 1520 अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे। साथ ही कोरोना को देखते हुये प्रत्येक मतदान केन्द्र पर चार-चार सदस्यी विशेष दल भी तैनात किया गया है। इसके अलावा 39 सेक्टर ऑफिसर नियंत्रण के लिये रखें गये है, इनके साथ सेक्टर मेडिकल ऑफिसर और पुलिस अधिकारी भी रहेंगे। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने कानून व्यवस्था पर निगरानी के लिये एसडीएम और कार्यपालिक दण्डाधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों को दायित्व सौंपे है। मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। सांवेर में 119 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी के लिये सीसीटीवी तथा वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

मतदान केन्द्र का निरीक्षण
सामग्री वितरण के पश्चात कलेक्टर श्री मनीष सिंह और डीआईजी श्री हरिनारायणचारी मिश्र इंडेक्स मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस अवसर पर एसडीएम कम्पेल श्री रवीश श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शांति पूर्वक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। सांवेर में बड़ी संख्या में जिला पुलिस बल को तैनात किया गया है। साथ ही सीआरपीएफ की एक कंपनी के अलावा गोआ पुलिस की टीम भी इस व्यवस्था में लगी हुई है।
कई कर्मचारी अनुपस्थित
मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था में नगर निगम के 73 अनुपस्थित कर्मचारियों पर होगी कार्यवाही। मतदान सामग्री वितरण प्रभारी अपर आयुक्त श्री श्रृंगार श्रीवास्तव ने बताया कि 554 कर्मचारियों की ड्यूटी मतदान सामग्री वितरण लगाई गई थी इनमें से 73 कर्मचारी अनुपस्थित रहें, जिन पर कार्रवाई की अनुशंसा नगर निगम आयुक्त को की गई है।
मतदान केन्द्र का पता आयोग की वेबसाइट और एप से भी मिल सकेगा
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फोटो युक्त मतदाता पर्ची पर मतदान केन्द्र का पता तथा गूगल मेप-व्यू भी प्रदर्शित होती है। इसके अतिरिक्त मतदाता अपने मतदान केन्द्र का पता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट www.eci.nic.in अथवा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश,भोपाल की वेबसाईट www.ceomadhyapradesh.nic.in पर जाकर पर भी प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मोबाईल एप “वोटर्स हेल्पलाईन” के माध्यम से भी मतदाता अपनी ई-मतदाता पर्ची जनरेट कर सकते है और अपने मतदान केन्द्र पर पता जान सकते है।
वोटर आई.डी. कार्ड के अलावा अन्य 12 दस्तावेज भी होंगे मान्य
पहचान के वैध प्रमाण के रूप में अपना मत डालने से पहले मतदाताओं को अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (EPIC) दिखाना होगा। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (EPIC) प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, उन्हें आयोग के निर्देशानुसार अपनी पहचान बताने के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉबकार्ड, बैंकों/डाकघरों द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्टकार्ड, ड्रायविंग लायसेंस, पैनकार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, राज्य/केन्द्र सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटो युक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र आदि शामिल है।
कोरोना को देखते हुये विशेष प्रबंध
कोरोना को देखते हुये इस बार सांवेर क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर चार सदस्यी विशेष दल भी मतदान दलों के साथ तैनात किये गये है। यह दल मतदाताओं को मास्क और हेंडग्लब्स देने, उनका तापमान देखने तथा सेनेटाईजड करने का कार्य संभालेंगे।
विशेष दलों में आशा कार्यकर्ता, पैरामेडिकल स्टॉफ तथा दो भृत्य रहेंगे। उक्त दल मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्था संभालेंगे जिनमें मुख्य रूप से मास्क, हेंडग्लब्स देने, तापमान लेने तथा सेनेटाईजड करने आदि का कार्य शामिल है। इन दलों को पर्याप्त संख्या में मास्क, हेंडग्लब्स, सेनेटाईजर, फैस शील्ड, प्राथमिक उपचार की दवाईयां आदि सामग्रियां दी गई है। इस बार प्रत्येक सेक्टर अधिकारी के साथ एक-एक सेक्टर मेडिकल ऑफिसर भी रहेंगे। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं को कुपन दिया जायेगा। इसके आधार पर वे अपनी बारी आने पर मतदान कर सकेंगे। इससे मतदाताओं को लाइन में नहीं लगना होगा। मतदाताओं के बैठने के लिये प्रतिक्षालय की व्यवस्था की गई है। ऐसे मरीज जिन्हें बुखार है, उन्हें आराम के लिये आइसोलेशन कक्ष बनाया गया है। इस कक्ष में वे आराम कर सकेंगे। तापमान कम होने पर मतदान कर पायेंगे। अगर उनका तापमान कम नहीं होता तो वह अंत में मतदान करेंगे। मतदान केन्द्रों पर हाथ धोने के लिये साबुन और पानी की व्यवस्था की गई है। मतदान केन्द्रों पर बिजली, शौचालय, रैम्प, व्हीलचेयर आदि की व्यवस्था भी रहेगी।

Related posts

दिग्विजय सिंह का जवाबी ‘आदिवासी कार्ड’

News Team

इस समय क़ई सबसे बड़ी खबर

News Team

किसान आंदोलन: राहुल गांधी ने कहा -‘अदानी-अंबानी कृषि कानून’ रद्द करने होंगे, और कुछ भी मंजूर नहीं

News Team