Saturday, May 23, 2026
Rajneeti News India
Image default
धर्मब्रेकिंग

कुंभ या कोरोना का सुपर स्प्रेडर?:कल शाही स्नान में 20 लाख लोग जुटने की आशंका; पिछले साल तब्लीगी जमात में 2000 लोग जुटने पर हंगामा हुआ था

देश में कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। और उधर हरिद्वार में लाखों लोगों की भीड़ जुटने की तैयारी है। मौका है कुंभ के तीसरे मुख्य शाही स्नान का। कुंभ की यह भीड़ देशभर में सुपर स्प्रेडर बनेगी।

हरिद्वार में मेला प्रशासन के अनुमान के मुताबिक इस समय मेला क्षेत्र में करीब 1.5 लाख लोग मौजूद हैं। 14 अप्रैल, यानी शाही स्नान के दिन भीड़ 20 से 25 लाख तक पहुंच सकती है। स्थानीय प्रशासन मान रहा है कि मेले में दो गज दूरी और मास्क जैसे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराना नामुमकिन है। शाही स्नान के दौरान तो यह संभव ही नहीं है। ऐसे में कोरोना बहुत तेजी से फैल सकता है।

प्रशासनिक अधिकारी मेला के सुपर स्प्रेडर बन जाने की बात मान रहे हैं, लेकिन इसे रोकने की उनके पास कोई योजना नहीं है। इस बीच पिछले 24 घंटों मे उत्तराखंड में संक्रमण के 1,334 मामले आए हैं और 7 मौतें हुई हैं। फिलहाल प्रदेश में कोरोना के 7,846 एक्टिव केस हैं।

कुंभ मेले में भीड़ बढ़ने के साथ यह बहस भी तेज होती जा रही है कि पिछले साल दिल्ली में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में महज 2,000 लोगों के जमावड़े को सुपर स्प्रेडर बताया गया था। लेकिन कुंभ को लेकर खामोशी है।

दो गज दूरी का पालन संभव नहीं
दैनिक भास्कर ने उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार से इस बारे में बात की। उनका कहना है कि ‘लाखों की भीड़ में गाइडलाइन पालन करवाना मुमकिन नहीं है। 9-10 अप्रैल तक हमने गाइडलाइन का पालन करवाने की कोशिश की। लेकिन, भीड़ बढ़ने के साथ दो गज की दूरी का पालन करवाना मुश्किल होता जा रहा है।’

आगे वे अपनी बात को संतुलित करते हुए कहते हैं ’11 अप्रैल को कुंभ में आने वाले 53,000 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ और महज 1.5% यानी 500 से 550 लोग ही पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों को अस्पताल और क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया गया है।’

मेला अधिकारी दीपक रावत कुंभ में चाकचौबंद व्यवस्था होने का दावा करते हैं। लेकिन, ये भी मानते हैं कि दो गज की दूरी का पालन पूरी तरह संभव नहीं हो पा रहा है। रावत कहते हैं ‘लोग चौकन्ने हैं, हमने कोरोना केयर सेंटर भी खोला है। यहां 96 बेड हैं। लोगों से लगातार अपील की जा रही कि वे गाइडलाइन का पालन करें।’

मेले के कोरोना सेंटर में अब तक 45 लोग भर्ती किए जा चुके हैं। 8 मरीज पिछले 24 घंटे में भर्ती किए गए। यह सभी गंभीर संक्रमण से पीड़ित हैं। कुंभ की भीड़ में संक्रमण को कैसे रोका जाएगा इस सवाल पर जिम्मेदार लोग, साधुओं के फक्कड़पन को जिम्मेदार ठहरा देते हैं।

उत्तराखंड सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल कहते हैं कि साधु-संतों को तो आप जानते ही हैं, उन्हें रोकना संभव नहीं। सरकार जो कर सकती है वह कर रही है। वहीं कुंभ में आए जूना अखाडे़ के नागा साधु गजेंद्र गिरी कहते हैं कि साधू-संत फक्कड़ होते हैं, उन पर किसी का निर्देश नहीं चलता। हरिद्वार के पुजारी कमलेश ने बताया कि मास्क तो फिर भी कुछ लोग लगा रहे हैं, लेकिन दो गज की दूरी का पालन संभव ही नहीं। अब तो प्रशासन भी कुछ नहीं कहता।

Related posts

Breaking

News Team

सौरव गांगुली को सीने में दर्ज की शिकायत के बाद कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल ले जाया गया.

News Team

लगता है किसी राजनेता के वहां पर शादी समारोह नही है अगर होती तो इन लोगो को पता चलता

News Team